भारत-फ्रांस अंतरिक्ष सहयोग पर द्विपक्षीय वर्चुअल बैठक, अंतरिक्ष साझेदारी और मजबूत करने पर चर्चा

भारत-फ्रांस अंतरिक्ष सहयोग पर द्विपक्षीय वर्चुअल बैठक, अंतरिक्ष साझेदारी और मजबूत करने पर चर्चा
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने शुक्रवार को फ्रांस के उच्च शिक्षा, अनुसंधान एवं अंतरिक्ष मंत्री प्रो. फिलिप बैप्टिस्ट के साथ द्विपक्षीय वर्चुअल बैठक की।दोनों नेताओं ने भारत-फ्रांस अंतरिक्ष साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा की।

बैठक में मानव अंतरिक्ष उड़ान, उन्नत अंतरिक्ष तकनीक, अंतरिक्ष अनुसंधान और उद्योग सहयोग को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

दोनों देशों के बीच यह बातचीत 9-10 सितंबर को पेरिस में होने वाले इंटरनेशनल स्पेस समिट और 7-9 सितंबर को आयोजित होने वाले बेंगलुरु स्पेस एक्सपो से पहले हुई है।

अंतरिक्ष विभाग ने शुक्रवार को विज्ञप्ति जारी कर बताया कि इसरो के चेयरमैन और अंतरिक्ष विभाग के सचिव को पेरिस समिट में भारत के भविष्य के मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम और लो अर्थ ऑर्बिट पर उद्घाटन मुख्य वक्तव्य देने के लिए आमंत्रित किया गया है।भारतीय प्रतिनिधिमंडल अंतरिक्ष में डिजाइन एवं निर्माण तकनीक, स्पेस कनेक्टिविटी और इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन से आगे अंतरिक्ष अन्वेषण जैसे विषयों पर भी अपनी बात रख सकता है।

फ्रांसीसी मंत्री करेंगे इसरो का दौरा

फ्रांस के मंत्री फिलिप बैप्टिस्ट 28 से 30 सितंबर तक भारत की यात्रा करेंगे। इस दौरान वह बेंगलुरु में इसरो की सुविधाओं का दौरा करेंगे और डॉ. जितेंद्र सिंह से मुलाकात करेंगे।

इसरो और फ्रांस की अंतरिक्ष एजेंसी सीएनईएस ने मेघा-ट्रॉपिक्स और सरल जैसी संयुक्त उपग्रह परियोजनाओं पर काम किया है।दोनों देश अब पृथ्वी अवलोकन, जलवायु अध्ययन, मानव अंतरिक्ष उड़ान, नई अंतरिक्ष तकनीक और निजी स्पेस सेक्टर में सहयोग को और बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

बैठक के अंत में दोनों पक्षों ने नवाचार, अनुसंधान और तकनीकी विकास के जरिए भारत-फ्रांस अंतरिक्ष साझेदारी को नई ऊंचाई देने की प्रतिबद्धता दोहराई।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page