लोकतंत्र के अनूठे सिपाही ‘धरती पकड़’ नागरमल बाजोरिया का पटना में निधन, लड़ चुके थे 280 से अधिक चुनाव
पटना/भागलपुर। भागलपुर के चर्चित समाजसेवी और ग्राम पंचायत से लेकर राष्ट्रपति पद तक 280 से अधिक बार चुनाव लड़ने वाले नागरमल बाजोरिया उर्फ ‘धरती पकड़’ का गुरुवार सुबह पटना में इलाज के दौरान निधन हो गया।वे 97 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से पूरे बिहार के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक व्याप्त है।
मूल रूप से पाकिस्तान के लाहौर में जन्मे नागरमल बाजोरिया का परिवार वर्ष 1930 में भागलपुर आ गया था। चुनावी राजनीति में हार-जीत के गणित से परे रहकर केवल लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी निभाने वाले बाजोरिया जी जीवटता की एक अनूठी मिसाल थे।
उन्होंने अपने जीवनकाल में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी जैसी दिग्गज शख्सियतों के खिलाफ भी चुनावी मैदान में निर्दलीय ताल ठोकी थी। इसके अलावा वे करीब 17 बार राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए भी अपनी दावेदारी पेश कर चुके थे।

