राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर विधिक सेवा प्राधिकार की हुई बैठक

राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर विधिक सेवा प्राधिकार की हुई बैठक
Facebook WhatsApp

– विभिन्न विभागों के कार्यपालक पदाधिकारियो ने लिया हिस्सा

मोतिहारी। आगामी 12 सितम्बर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पूर्वी चम्पारण, मोतिहारी के सचिव  नितिन त्रिपाठी के कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी  पुनीत कुमार तिवारी ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यपालक पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में विशेष रूप से यातायात चालान से संबंधित मामलों के अधिक से अधिक निष्पादन पर बल दिया गया।

जिला परिवहन पदाधिकारी निबेदिता कुमारी को निर्देशित किया गया कि विशेष रूप से तीन माह पुराने लंबित यातायात चालानों की पहचान कर उनका अधिक से अधिक निष्पादन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि आम नागरिक राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठा सकें।

जिला जनसंपर्क पदाधिकारी  ज्ञानेश्वर कुमार को निर्देश दिया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया, पोस्टर, बैनर एवं अन्य सभी उपलब्ध माध्यमों का प्रभावी उपयोग किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को लोक अदालत के लाभ एवं प्रक्रिया की जानकारी मिल सके।

बैठक में वन विभाग, विधिक माप-विज्ञान/बाट एवं माप विभाग तथा श्रम विभाग के पदाधिकारियों को भी अपने-अपने विभाग से संबंधित अधिक से अधिक समझौता योग्य मामलों  को चिह्नित कर आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में उनके त्वरित निष्पादन हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में यह भी अपील की गई कि आम नागरिक अपने लंबित यातायात चालान मामलों के निपटारे हेतु बड़ी संख्या में महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में उपस्थित हों और एकमुश्त निपटान योजना का लाभ उठाएं।

पात्र मामलों में चालान की राशि में 50 प्रतिशत तक की कमी का लाभ प्राप्त कर अपने मामलों का सरल एवं शीघ्र निपटारा कराया जा सकता है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पूर्वी चम्पारण, मोतिहारी की ओर से आम नागरिकों से अपील की गई कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अपने विवादों एवं चालान मामलों का सौहार्दपूर्ण, त्वरित एवं कम खर्च में निपटारा कराएं।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page