छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में लैंडिंग के दौरान विमान का टायर फटा, यात्री सुरक्षित

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में लैंडिंग के दौरान विमान का टायर फटा, यात्री सुरक्षित
Facebook WhatsApp

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बिलासा देवी केवट हवाई अड्डे (चक्करभाठा) पर शुक्रवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा टल गया। दिल्ली से बिलासपुर पहुंची अलायंस एयर की फ्लाइट 9I613 की लैंडिंग के दौरान रनवे पर विमान का बायां टायर अचानक फट गया।विमान में सवार सभी 41 लोग (37 यात्री और 4 क्रू मेंबर) बाल-बाल बचे और पूरी तरह सुरक्षित हैं।

विमान रुकते ही एयरपोर्ट अथॉरिटी, सुरक्षा टीम और फायर ब्रिगेड तुरंत एक्टिव हो गए और सभी यात्रियों को रनवे से सुरक्षित निकालकर टर्मिनल बिल्डिंग पहुंचाया गया। इस घटना के बाद बिलासपुर से आगे प्रयागराज जाने वाली अगली उड़ान को रद्द कर दिया गया है। चश्मदीदों के मुताबिक टायर फटने के बाद रनवे पर घर्षण की वजह से चिंगारियां उठीं और हल्का धुआं व आग की लपटें दिखाई दीं, जिससे विमान कुछ मीटर तक घिसटता चला गया।

एयरपोर्ट अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जैसे ही शुक्रवार विमान का बायां टायर ब्लास्ट हुआ, तुरंत इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू किया गया। विमान में सवार सभी 37 यात्रियों और 4 क्रू मेंबर्स को बिना किसी खरोंच के सुरक्षित रनवे से निकालकर टर्मिनल बिल्डिंग पहुंचाया गया। किसी भी व्यक्ति के घायल होने की खबर नहीं है।

अधिकारियों और एयरलाइन प्रबंधन के अनुसार, टायर फटने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। यह जांच का विषय है कि क्या रनवे पर किसी बाहरी वस्तु (जैसे पत्थर या मेटल) की वजह से ऐसा हुआ या कोई तकनीकी कारण था। इस मामले की विस्तृत जांच के लिए नागर विमानन महानिदेशालय की टीम को सूचित कर दिया गया है।

अधिकारियों ने पुष्टि की कि इस घटना के कारण विमान रनवे के पास ही खड़ा रहा, जिसके चलते बिलासपुर से आगे प्रयागराज और दिल्ली जाने वाली आगामी उड़ानों को रद्द करना पड़ा। फंसा हुआ विमान हटाने और रनवे को पूरी तरह क्लियर करने के लिए दिल्ली से आई अलायंस एयर की स्पेशल तकनीकी टीम काम में जुट गई है।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page