बिहार के नवादा में आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत, दो महिलाएं झुलसीं

बिहार के नवादा में आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत, दो महिलाएं झुलसीं
Facebook WhatsApp

नवादा। बिहार के नवादा जिले के नारदीगंज प्रखंड अंतर्गत सांगोवर गांव में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं।घायलों का इलाज नारदीगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में चल रहा है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों में तीन किसान और एक 12 वर्षीय बालक शामिल हैं। सभी लोग खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए खेत में काम कर रहे लोग पास के एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल नारदीगंज पीएचसी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद निगरानी में रखा गया है।मृतकों की पहचान शंभू कुमार (45) पिता स्व. चंद्रिका यादव, मदन राजवंशी (50) पिता मुनेश्वर राजवंशी, भुवनेश्वर राजवंशी (50) पिता दुखन राजवंशी तथा सोनू कुमार (12) पिता मिथिलेश प्रसाद, सभी निवासी सांगोवर गांव के रूप में हुई है। वहीं घायलों की पहचान सुनीता देवी, पति स्व. गोविंद यादव तथा शोभी देवी, पति ललित यादव के रूप में की गई है।

घटना के बाद सांगोवर गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाने उनके घर पहुंचे। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची तथा घटना की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।प्रशासन ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि सरकारी प्रावधानों के अनुसार मृतकों के परिजनों को आपदा राहत मद से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस बीच स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से बारिश और वज्रपात के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेत अथवा पेड़ के नीचे शरण लेने से बचें और सुरक्षित भवन या अन्य संरक्षित स्थान पर ही रहें। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक जिले में वज्रपात की आशंका जताते हुए लोगों से जारी मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी है।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page