मोदी परीक्षा पर चर्चा करते है, लेकिन पेपर लीक पर चर्चा से भागते हैं: डॉ.रागिनी नायक

मोदी परीक्षा पर चर्चा करते है, लेकिन पेपर लीक पर चर्चा से भागते हैं: डॉ.रागिनी नायक
Facebook WhatsApp

पटना। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक ने छात्र आंदोलन पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी परीक्षा पर चर्चा तो करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे पर चर्चा से बचते हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज सुनने के बजाय सरकार ने उनके शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर बल प्रयोग किया।

डॉ. नायक ने कहा कि संसद मार्च भारतीय लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण क्षण था, जहां देशभर से हजारों छात्र अपनी समस्याओं और मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए दिल्ली पहुंचे थे। उनका आरोप है कि संवाद करने के बजाय छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया, कई छात्र घायल हुए और महिला छात्रों के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं सामने आईं।

उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कांग्रेस सांसदों के साथ प्रदर्शनकारी छात्रों की मांगों को प्रधानमंत्री तक पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च कर रहे थे, लेकिन उन्हें रास्ते में रोककर हिरासत में ले लिया गया। जो लोकतांत्रिक अधिकारों और शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार पर हमला है।कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि छात्र केवल निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षाओं, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया की मांग कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने संवाद के बजाय दमन का रास्ता चुना है।

उन्होंने नीट यूजी 2026 का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि पेपर लीक के कारण परीक्षा दोबारा करानी पड़ी और इससे लाखों छात्रों को मानसिक, आर्थिक और शैक्षणिक नुकसान हुआ।

उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों और विश्वविद्यालयों में शिक्षकों की कमी, भर्ती में देरी और शिक्षा व्यवस्था की कमजोर स्थिति का सबसे अधिक नुकसान गरीब और मध्यमवर्गीय छात्रों को उठाना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार छात्रों के मुद्दों को उठा रहे हैं और छात्रों की गूंज अभियान के माध्यम से देशभर के युवाओं की समस्याओं को सामने ला रहे हैं।छात्रों की गूंज अभियान के अंतर्गत वर्तमान में देश के 28 प्रमुख शहरों में कॉलेज परिसरों, छात्रावासों, पुस्तकालयों, छात्र संवाद कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों के माध्यम से व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। अब इसे 100 शहरों तक विस्तारित किया जा रहा है, ताकि छात्रों और युवाओं के साथ राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक संवाद स्थापित किया जा सके।

छात्रों की गूंज भारत के छात्रों की आवाज़ है। कांग्रेस पार्टी इस आवाज़ को देश के हर शहर की सड़कों से लेकर संसद तक मजबूती के साथ उठाती रहेगी।

संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम, मीडिया चेयरमैन राजेश राठौड़ एवं ब्रजेश प्रसाद मुनन मौजूद थे।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page