यूक्रेन से रवाना वाणिज्यिक पोत पर हमले में चार भारतीयों की मौत, भारत ने रूस के प्रभारी राजदूत को किया तलब

यूक्रेन से रवाना वाणिज्यिक पोत पर हमले में चार भारतीयों की मौत, भारत ने रूस के प्रभारी राजदूत को किया तलब
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह से रवाना हुए वाणिज्यिक पोत एमवी गोल्डन लियो पर हुए हमले में चार भारतीय नागरिकों की मौत के बाद भारत ने मंगलवार को रूस के प्रभारी राजदूत (चार्जे डी’अफेयर्स) व्लादिमीर लादानोव को विदेश मंत्रालय तलब कर कड़ा विरोध दर्ज कराया।विदेश मंत्रालय ने हमले की निंदा करते हुए कहा कि वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाना और निर्दोष नागरिकों की जान जाना पूरी तरह अस्वीकार्य है।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि 19 जुलाई को एमवी गोल्डन लियो पर हुए हमले में चार भारतीय नागरिकों की मौत हुई। मंत्रालय ने रूस के प्रभारी राजदूत को भारत की गंभीर चिंता से अवगत कराते हुए कहा कि ऐसे हमले अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार की सुरक्षा, संरक्षा और स्थिरता को कमजोर करते हैं।

उनसे भारत की इस चिंता से रूसी अधिकारियों को अवगत कराने का भी आग्रह किया गया।विदेश मंत्रालय ने कहा कि वाणिज्यिक जहाजों पर हमले और निर्दोष नागरिकों की मौत जैसी घटनाओं से हर हाल में बचा जाना चाहिए। भारत ने दोहराया कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करना सभी पक्षों की साझा जिम्मेदारी है।

उल्लेखनीय है कि एमवी गोल्डन लियो रविवार को यूक्रेन के दक्षिणी शहर ओडेसा से रवाना हुआ था। यात्रा के दौरान जहाज पर मिसाइल हमला हुआ, जिससे उसमें आग लग गई। जहाज पर कुल 17 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें पांच भारतीय नागरिक शामिल थे। हमले में जहाज के नौ चालक दल के सदस्यों और बंदरगाह के एक यूक्रेनी पायलट की मौत हो गई। विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की है कि मृतकों में चार भारतीय नागरिक शामिल हैं, जबकि एक अन्य भारतीय गंभीर रूप से घायल है।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page