विधानसभा में विधायक ने की वाल्मीकिनगर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाने की मांग

विधानसभा में विधायक ने की वाल्मीकिनगर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाने की मांग
Facebook WhatsApp

पटना/पश्चिम चम्पारण। बिहार विधानसभा के चल रहे मानसून सत्र में वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र कुशवाहा ने क्षेत्र के विकास और पर्यटन को नई दिशा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण मांग उठाई।उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष के माध्यम से बिहार सरकार से आग्रह किया कि वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम बनाया जाय।

विधायक सुरेंद्र कुशवाहा ने सदन में कहा कि वाल्मीकिनगर बिहार का प्रमुख पर्यटन क्षेत्र है। यहां देश-विदेश से पर्यटक वाल्मीकि टाइगर रिजर्व, गंडक नदी, त्रिवेणी संगम, धार्मिक एवं प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण करने आते हैं, ऐसे में यदि यहां अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण किया जाता है तो इससे क्षेत्र की पहचान राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर और मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनने से केवल खेल प्रतिभाओं को ही अवसर नहीं मिलेगा, बल्कि पर्यटन उद्योग को भी नई गति मिलेगी। बड़े खेल आयोजनों के दौरान होटल, परिवहन, व्यापार, हस्तशिल्प, खान-पान और अन्य स्थानीय व्यवसायों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे हजारों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

विधायक ने सरकार से आग्रह किया कि वाल्मीकिनगर की भौगोलिक एवं पर्यटन संभावनाओं को देखते हुए इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर गंभीरता से विचार किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और बिहार को भी अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी का एक नया केंद्र प्राप्त होगा।सदन में उठी इस मांग को क्षेत्र के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब लोगों की निगाहें बिहार सरकार पर टिकी हैं कि वह इस प्रस्ताव पर क्या निर्णय लेती है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page