देश को मिली पहली डेंगू वैक्सीन ‘क्यूडेंगा’, सीडीएससीओ ने दी मंजूरी

देश को मिली पहली डेंगू वैक्सीन ‘क्यूडेंगा’, सीडीएससीओ ने दी मंजूरी
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। डेंगू की रोकथाम की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए भारतीय दवा नियामक सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन (सीडीएससीओ) ने देश की पहली डेंगू वैक्सीन ‘क्यूडेंगा’ के इस्तेमाल को मंजूरी दे दी है।जापान की दवा कंपनी टाकेडा द्वारा विकसित यह वैक्सीन भारत में डेंगू से बचाव के लिए स्वीकृत होने वाली पहली वैक्सीन है।

सीडीएससीओ की मंजूरी के बाद यह वैक्सीन 04 से 60 वर्ष आयु वर्ग के लोगों को लगाई जा सकेगी। इसकी खास बात यह है कि टीका लगवाने से पहले यह जांच कराने की जरूरत नहीं होगी कि व्यक्ति को पहले कभी डेंगू हुआ है या नहीं।

यह वैक्सीन डेंगू वायरस के चारों प्रमुख प्रकारों (सीरोटाइप) से सुरक्षा देने के लिए विकसित की गई है।कंपनी के क्लिनिकल ट्रायल के अनुसार, दूसरी डोज के एक साल बाद तक यह वैक्सीन पुष्टि किए गए डेंगू मामलों के खिलाफ लगभग 80 प्रतिशत प्रभावी पाई गई। वहीं, गंभीर डेंगू के मामलों में अस्पताल में भर्ती होने का जोखिम भी काफी कम देखा गया।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि इस वैक्सीन की मंजूरी भारत में डेंगू की रोकथाम के प्रयासों को नई मजबूती देगी। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि वैक्सीन के साथ-साथ मच्छरों की रोकथाम, साफ-सफाई और जलभराव रोकने जैसे उपाय भी डेंगू नियंत्रण के लिए उतने ही महत्वपूर्ण बने रहेंगे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page