सहयोग शिविर के प्रति लापरवाही पर एक्शन,सुगौली के कई पदाधिकारियों से जबाब- तलब
मोतिहारी। प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, सुगौली द्वारा किए गए अनुशंसा को डीएम ने गंभीरता से लिया है। प्रखंड़ पदाधिकारी के पत्रांक-363 दिनांक-08.06.2026 के माध्यम से सूचित किया गया है कि दिनांक-16 जून 2026 को सुगौली प्रखण्ड अन्तर्गत उत्तरी मनसिंघा, दक्षिणी मनसिंघा एवं उत्तरी छपरा बहास ग्राम पंचायत में आयोजित होने वाली सहयोग शिविर से संबंधित दैनिक प्रतिवेदन प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी सुगौली, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा, कनीय अभियंता विद्युत आपूर्ति सुगौली, कनीय अभियंता लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण सुगौली, कनीय अभियंता ग्रामीण कार्य सुगौली, कार्यक्रम पदाधिकारी जीविका, पंचायत सचिव ग्राम पंचायत उत्तरी मानसिंह, पंचायत सचिव ग्राम पंचायत दक्षिणी मानसिंह और पंचायत सचिव ग्राम पंचायत उत्तरी छपरा बहास के द्वारा समय के अनुसार नहीं उपलब्ध कराया जा रहा है।
फलस्वरूप जिलाधिकारी के द्वारा उपरोक्त पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। कहा गया है कि आप सभी के द्वारा सरकार के महत्वकांक्षी कार्यक्रमों जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के कार्यान्वयन में अभिरुचि नहीं ली जा रही है। वरीय पदाधिकारी के आदेशों का अनदेखी की जा रही है, जो आपकी स्वेच्छाचारिता, अकर्णमयता, अनुशासनहीनता एवं कर्तव्य के प्रति उदासीनता को प्रदर्शित करता है।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया गया है कि स्पष्टीकरण सम्बन्धी पत्र प्राप्ति के साथ ही संदर्भित प्रतिवेदन प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, सुगौली को उपलब्ध कराते हुए इस संबंध में अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें कि, क्यों नही इस कृत के लिए आपके विरूद्ध अनुशासनिक कार्रवाई प्रारंभ करने हेतु विभाग को अनुशंसा कर दी जाय।

