मुजफ्फरपुर में प्रसाद अस्पताल अग्निकांड की होगी जांच

मुजफ्फरपुर में प्रसाद अस्पताल अग्निकांड की होगी जांच
Facebook WhatsApp

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर शहर के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित प्रसाद अस्पताल में लगी भीषण आग की घटना में अब तक 05 लोगों की मौत हो चुकी है। नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह ने इसकी पुष्टि की है।आग तड़के करीब 3 बजे अस्पताल के आईसीयू वार्ड में लगी थी। इसके बाद देखते ही देखते पूरे अस्पताल में धुआं फैल गया। इससे अस्पताल परिसर के अंदर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि घटना में अब तक 05 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि अभी तक की जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगना सामने आया है। इससे आईसीयू वार्ड में लगे एसी में ब्लास्ट हुआ और आग तेजी से फैल गई।

उन्होंने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। घटना के बाद करीब 12 बड़ी-छोटी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं। अस्पताल को खाली कराया गया है। अस्पताल के मरीजों को दूसरे अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है।

मृतकों की पहचान मुजफ्फरपुर के औराई निवासी शशांक कुमार, मोतीपुर निवासी गीता देवी, शिवहर जिले के तरियानी निवासी उदय कुमार, कृष्ण नंदन और चंचला कुमारी के रूप में हुई है। वहीं घटना में झुलसे कई लोगों का अभी भी अस्पतालों में इलाज चल रहा है, जिनके बारे में ज्यादा जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।

सहायता राशि का ऐलान

प्रदेश के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में आग लगने से व्यक्तियों की मृत्यु अत्यंत दुःखद है। शोक-संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को इस कठिन समय में संबल दें।

उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को अविलंब 4-4 लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान प्रदान करने का निर्देश दिया गया है। स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है तथा घायलों के उपचार के लिए सदर अस्पतालों में समुचित व्यवस्था की गई है।

वहीं बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच होगी।

प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि मुजफ्फरपुर के निजी अस्पताल में आग लगने से कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। इस हादसे से प्रभावित परिवारों के प्रति मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। जिला प्रशासन को घायल मरीजों की सुरक्षा एवं उपचार के लिए हर संभव कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। राहत के कार्य युद्धस्तर पर चलाने के आदेश भी दिये गए हैं। इस घटना की जांच होगी। जिम्मेदारी तय होगी।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page