राष्ट्रपति,उपराष्ट्रपति समेत कई नेताओं ने मालवीय नगर अग्निकांड पर दुख जताया

राष्ट्रपति,उपराष्ट्रपति समेत कई नेताओं ने मालवीय नगर अग्निकांड पर दुख जताया
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने दिल्ली के मालवीय नगर के एक रेस्टोरेंट में आग लगने से 21 लोगों की मौत पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।राष्ट्रपति मुर्मु ने एक्स पर पोस्ट कर मालवीय नगर अग्निकांड पर दुख जताते हुए कहा कि इस घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत पीड़ादायक है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की साथ ही घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने आग में लोगों की मृत्यु पर दुखद जताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दुख की इस घड़ी में उन्हें शक्ति और साहस मिले। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि मालवीय नगर में आग लगने की घटना से मन अत्यंत व्यथित है। स्थानीय प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है। घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस घटना में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि कई अनमोल जिंदगियों के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है।

केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने मालवीय नगर अग्निकांड को हृदयविदारक बताते हुए इस कठिन समय में शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। हादसे में घायल हुए सभी नागरिकों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि मालवीय नगर अग्निकांड में कई लोगों के देहावसान का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दुख जताते हुए सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वो राहत और बचाव कार्य में हर संभव योगदान दें। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मालवीय नगर में आग लगने की घटना पर दुख जताते हुए कहा कि राज्य सरकार और अधिकारियों को पीड़ितों को शीघ्र चिकित्सा देखभाल सहित पर्याप्त और समय पर मुआवजा प्रदान करना चाहिए।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि मालवीय नगर के एक होटल में आग लगने के कारण बड़ी संख्या में लोगों की मृत्यु एवं करीब तीन दर्जन से ज्यादा लोगों के घायल होने का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मालवीय नगर दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु के समाचार को पीड़ादायी बताते हुए बाबा महाकाल से दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दुख जताते हुए कहा कि आज मालवीय नगर में इतनी बड़ी घटना हो गई। 21 लोगों की मौत दुखद है। दिल्ली में लगातार हो रहे अग्निकांड और मासूम लोगों की मौतें बेहद चिंताजनक हैं।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page