Facebook WhatsApp

पूर्वी चंपारण जिला के 71 पंचायतों मे आयोजित हुआ सहयोग शिविर  

-चिरैया के हरनारायणा और ढाका के गवंद्री में आयोजित सहयोग शिविर में  प्रभारी मंत्री ने शिरकत कर जनता की सुनी समस्याएं 

फोटो 1

मोतिहारी/ब्यूरो सन्मार्ग। आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान तय सीमा में सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित सहयोग शिविर के दूसरे चरण में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप जिला के सभी 27 प्रखंडों के कुल 71 पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। मंत्री ग्रामीण विकास विभाग एवं सूचना जनसंपर्क विभाग सह प्रभारी मंत्री  श्रवण कुमार मंगलवार चिरैया प्रखंड के हरनारायणा और ढाका प्रखंड के गवंद्री पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में शिरकत किए और आमजन की समस्याओं को सुना। उनके साथ शिविर में  सांसद शिवहर  लवली आनंद,  विधान पार्षद डॉ. खालिद अनवर,  विधायक  लाल बाबू प्रसाद गुप्ता,  विधायक ढाका  फैसल रहमान, बीस सूत्री उपाध्यक्ष  मंजू देवी, बिहार प्रशासनिक सेवा के वरीय पदाधिकारी  प्रिय रंजन राजू, उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार,निदेशक डीआरडीए डॉ. कुंदन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी ढाका सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। इस अवसर पर मंत्री ने बड़ी संख्या में शिविर में आए हुए नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं आवश्यकताओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। हरनारायणा में आयोजित शिविर में  प्रभारी मंत्री ने 22 जीविका समूह की दीदियों को बैंक सहायता ऋण के रूप में 71 लाख रुपए का सांकेतिक चेक प्रदान किया। यहां पर बिहार सरकार की प्रवासी मजदूर दुर्घटना योजना अंतर्गत एक श्रमिक के परिजन को 4.50 लाख रुपए का चेक प्रदान किया गया। कुल 76 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिसमें से अधिकांश का निष्पादन कर दिया गया था। बचे हुए आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का मंत्री के द्वारा निर्देश दिया गया।  मंत्री के कहा कि पूर्वी चंपारण में ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित कुल 1229 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 1033 आवेदनों को स्वीकृत किया गया था। जिसमें से 837 आवेदनों को निष्पादित किया जा चुका है। शेष बचे 196 आवेदन को भी शीघ्र निष्पादित कर  देने का निर्देश गया। उन्होने ने बताया कि ग्रामीण विकास के अतिरिक्त सहयोग शिविर के माध्यम से जिला में कुल 7766 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिनमें से 5654 आवेदनों को स्वीकृत किया गया, जिसमें 4184 आवेदनो से संबंधित समस्याओं का निराकरण कर दिया गया।

 इस अवसर पर मंत्री ने उपस्थित जन समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि सहयोग शिविर का आयोजन राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसमें आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही निराकरण किया जा रहा है। ग्राम पंचायत स्तर पर पंचायत सचिव, प्रखंड स्तर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थाना अध्यक्ष के स्तर की समस्याओं का निराकरण  किया जा रहा है। समस्या का निराकरण अगर इससे ऊपर के स्तर पर होना है तो उसके लिए आवेदन को जिला, प्रमंडल अथवा राज्य स्तर पर संबंधित विभाग को भेजा जा रहा है। जहां से उसका निराकरण किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि सात निश्चय पार्ट 3 अंतर्गत “सबका सम्मान-जीवन आसान” निश्चय के तहत बिहार सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए गांव-गांव तक प्रशासनिक पहुंच सुनिश्चित कर रही है। सहयोग शिविर केवल समस्याओं के समाधान और योजनाओं की जानकारी देने का माध्यम ही नहीं, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करने का प्रभावी मंच है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। राज्य सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सहयोग शिविर इसी जनोन्मुखी सोच का परिणाम है, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित होकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। सभी के सहयोग से बिहार को देश के टॉप पांच राज्य में खड़ा करना है। सरकार के द्वारा सभी क्षेत्रों में लगातार कार्य किया जा रहा है। महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ बच्चों के भविष्य निर्माण के लिए भी सरकार संकल्पित है। उन्होंने उपस्थित जन समुदाय से आपसी प्रेम और भाईचारा बनाकर आगे बढ़ाने की अपील की।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page