नेपाल में सत्तारूढ दल के अध्यक्ष रवि लामिछाने पहुंचे दिल्ली,नितिन नवीन से की मुलाकात, भारत-नेपाल के संबंधों पर हुई विस्तृत चर्चा

नेपाल में सत्तारूढ दल के अध्यक्ष रवि लामिछाने पहुंचे दिल्ली,नितिन नवीन से की मुलाकात, भारत-नेपाल के संबंधों पर हुई विस्तृत चर्चा
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। नेपाल के सत्तारूढ़ दल राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रवि लामिछाने ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से यहां पार्टी मुख्यालय में मुलाकात की।इस अवसर पर दोनों नेताओं के बीच नेपाल-भारत के संबंधों, लोकतांत्रिक मूल्यों और आपसी सहयोग को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

भाजपा अध्यक्ष नवीन के निमंत्रण पर सोमवार को पांच दिवसीय दौरे पर भारत आए लामिछाने का मंगलवार सुबह भाजपा मुख्यालय में भव्य स्वागत किया गया। भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक झांकी, फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़े के साथ उनका स्वागत किया। मुख्यालय पहुचने पर उनका स्वागत करने वालों में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह, भाजपा के विदेश मामलों के प्रमुख विजय चौथाईवाले सहित कई नेता शामिल रहे।

भाजपा अध्यक्ष नवीन ने आरएसपी अध्यक्ष लामिछाने का पुष्पगुच्छ के साथ स्वागत किया और उन्हें समृति चिह्न भेंट किया। वहीं लामिछाने ने नेपाल की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक माने जाने वाले पशुपतिनाथ मंदिर से लाया गया विशेष टीका और रुद्राक्ष एवं तुलसी की माला भेंट कर भाजपा अध्यक्ष का सम्मान किया। इसके अलावा लामिछाने ने चांदी से निर्मित पशुपतिनाथ मंदिर की आकर्षक प्रतिकृति भी नितिन नवीन को भेंट की। इस उपहार को नेपाल की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक पहचान और भारत-नेपाल के सदियों पुराने सभ्यतागत संबंधों का प्रतीक माना जाता है।

इस अवसर पर भाजपा नेता ने उन्हें पार्टी मुख्यालय की संरचना एवं संगठनात्मक व्यवस्था के बारे में जानकारी दी। इस मुलाकात के दौरान दोनों देशों के बीच पार्टी-स्तर पर संबंधों को मजबूत करने और आपसी सहयोग पर चर्चा हुई।

भाजपा के मुताबिक इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भाजपा और आरएसपी के बीच संवाद स्थापित करना, संगठनात्मक कार्यप्रणाली और जनकेंद्रित राजनीतिक पहुंच पर विचारों का आदान-प्रदान करना है।

भाजपा के मुताबिक

‘भाजपा को जानें’ पहल के माध्यम से विदेशी राजनीतिक दलों और राजनयिकों को भाजपा के इतिहास, विचारधारा, संगठनात्मक ढांचे और कार्यप्रणाली से परिचित कराया जाता है।

आरएसपी नेताओं के अनुसार उपहारों के माध्यम से नेपाल और भारत के बीच साझा सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को रेखांकित करने का प्रयास किया गया।

पांच सदस्यीय नेपाली प्रतिनिधिमंडल में आरएसपी अध्यक्ष लामिछाने के साथ उनकी पत्नी निकिता पौडेल, आरएसपी के सह-महामंत्री विपिन कुमार आचार्य, दीपक बोहोरा और प्रदीप आचार्य शामिल हैं। अपने इस दौरे में लामिछाने भारत में रह रहे नेपाली समुदाय के लोगों के साथ बातचीत भी करेंगे और उत्तर प्रदेश के अयोध्या जाएंगे, जहां वह रामलला के दर्शन-पूजन सहित कई धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

उल्लेखनीय है कि नेपाल के राजनीतिक परिदृश्य में हुए बदलाव के लिहाज से लामिछाने का यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना रहा है, जब दोनों देश कूटनीतिक एवं राजनीतिक संबंधों को एक नई दिशा देने के लिए प्रयासरत हैं।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page