राष्ट्र प्रथम’ और ‘अंत्योदय के विचार’ को मजबूत कर रहा भाजपा का प्रशिक्षण अभियान : संजय सरावगी

राष्ट्र प्रथम’ और ‘अंत्योदय के विचार’ को मजबूत कर रहा भाजपा का प्रशिक्षण अभियान : संजय सरावगी
Facebook WhatsApp

मोतिहारी। बरियारपुर स्थित एक होटल में ‎भाजपा संगठन जिला मोतिहारी के दो दिवसीय “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान” के जिला स्तरीय कार्यशाला के दूसरे और अंतिम दिन बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित किया। उन्होने कहा कि भाजपा के लिए संगठन सर्वोपरि है, कार्यकर्ता ही पार्टी की वास्तविक शक्ति हैं।भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और विकास की सोच को पहुंचाने के लिए समर्पित है।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। श्री सरावगी ने कहा कि “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान” केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं में वैचारिक चेतना, संगठनात्मक अनुशासन और सेवा भाव को मजबूत करने का एक व्यापक अभियान है। भाजपा का मूल दर्शन अंत्योदय और एकात्म मानववाद पर आधारित है, जिसमें समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से दृढ़, संगठनात्मक रूप से सक्षम और जनसेवा के लिए निरंतर सक्रिय रहने की प्रेरणा देता है। भाजपा का कार्यकर्ता केवल राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण का सजग प्रहरी है।

‎उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने तथा समाज के हर वर्ग के बीच संवाद स्थापित करने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और बिहार में एनडीए सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आज बिहार में हजारों करोड़ का निवेश आ रहा है। बिहार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में निरंतर आगे बढ़ रहा है। कुछ कड़े निर्णय भी लिए जा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन इसलिए बनी है क्योंकि यहां कार्यकर्ता सर्वोपरि हैं और संगठन की विचारधारा ही पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित, सेवा, सुशासन और अंत्योदय की भावना के साथ कार्य करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में संगठन और सरकार का समन्वय गरीब कल्याण एवं विकसित बिहार के संकल्प को नई गति दे रहा है।प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डाला।

जिलाध्यक्ष पवन राज की अध्यक्षता में हुए समारोप सत्र में सांसद पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह, विधायक प्रमोद कुमार, कृष्णनंदन पासवान, सचिन्द्र प्रसाद सिंह, श्यामबाबू यादव, बिहार मछुआरा आयोग के अध्यक्ष ललन सहनी, पूर्व विधायक गोविंदगंज सुनील मणि तिवारी, नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री सरोज रंजन पटेल, नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा मोहिब्बुल हक, उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद शंकर सिंह, चंद्रकिशोर मिश्र एवं प्रकाश अस्थाना सहित बड़ी संख्या में अपेक्षित कार्यकर्ता उपस्थित थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page