मोतिहारी में वंदे भारत पर असमाजिक तत्वो ने फिर की पत्थरबाजी,सी-1 कोच का शीशा टूटा
मोतिहारी। मुजफ्फरपुर- नरकटियागंज रेल खंड पर चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस एक बार फिर असामाजिक तत्वों ने पत्थबाजी की है। बापूधाम मोतिहारी स्टेशन से सटे चैलाहा हाल्ट के समीप ट्रेन पर पत्थरबाजी की घटना हुई है।
जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 26501 (पाटलिपुत्र-गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस) जब शाम करीब 06:23 बजे बापूधाम मोतिहारी और सुगौली स्टेशन के बीच चैलाहा हाल्ट के पास से गुजर रही थी, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा ट्रेन पर पत्थर फेंका गया। पत्थर लगने से कोच संख्या सी-1 का दाहिना शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है, जिससे यात्रियों ने राहत की सांस ली।
घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान भी चलाया गया, लेकिन घटना को अंजाम देने वाले व्यक्ति का तत्काल कोई सुराग नहीं मिल सका।
उल्लेखनीय है कि इस रेल खंड पर वंदे भारत ट्रेन पर पूर्व में कई बार पत्थरबाजी की घटना हो चुकी है। जिससे रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। आरपीएफ बापूधाम मोतिहारी द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद ऐसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक नहीं लग पा रही है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस तरह की घटनाए ट्रेन की सुरक्षा के लिए खतरा हैं साथ ही यात्रियों की जान को भी जोखिम में डालती हैं। रेलवे प्रशासन ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की बात कही है। साथ ही दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया है।

