आसनसोल में वोट डालने के बाद शत्रुघ्न सिन्हा का भाजपा व पीएम मोदी पर निशाना
आसनसोल। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में गुरुवार को पहले चरण के मतदान के बीच आसनसोल से तृणमूल कांग्रेस सांसद और बालीवुड अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने उत्तर विधानसभा क्षेत्र के महिला संचालित बूथ, रविंद्र भवन में पहुंचकर बूथ संख्या 39 पर अपना वोट डाला।मतदान के बाद मीडिया से बातचीत में सांसद अभिनेता ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और प्रधानमंत्री मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हर राज्य में जाकर “जंगलराज” की बात करते हैं, लेकिन जो कहते हैं वह करते नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि बंगाल में परिवर्तन की नहीं बल्कि ममता बनर्जी के समर्थन की लहर है।
उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में बदलाव की नहीं, बल्कि ममता बनर्जी के समर्थन की लहर है। शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि 4 मई को मतगणना के दिन “ममता जी का जादू” और तृणमूल कांग्रेस का चुनाव चिन्ह साफ नजर आएगा।
एंटी-इन्कम्बेंसी के सवाल पर शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि अगर 11 साल से केंद्र में सरकार चला रही भाजपा के खिलाफ एंटी-इन्कम्बेंसी नहीं है, तो बंगाल सरकार के खिलाफ यह मुद्दा उठाना सिर्फ जुमलेबाजी है। उन्होंने बिहार, मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों का उदाहरण देते हुए भाजपा पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ममता बनर्जी के नेतृत्व में लगातार जीत हासिल करती रही है। इसी कारण भारत का नागरिक होने के नाते उनका फर्ज बनता था कि “बिहारी बाबू, बंगाली बाबू और सही मायने में हिंदुस्तानी बाबू” होने के नाते वह यहां आकर मतदान करें और अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी सभाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उनके मित्र हैं, लेकिन जिस तरह से वह अपना वक्त जाया कर रहे हैं, वह ठीक नहीं है। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि पिछली बार चुनाव के बाद प्रधानमंत्री “गुफा में फैंसी ड्रेस पहनकर बैठ गए थे”, जिसे मीडिया ने खूब दिखाया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्र के नाम संदेश देने के समय भी प्रधानमंत्री ने राजनीतिक बातें कीं और अपने विरोधियों को कोसा, लेकिन इस पर कोई सवाल नहीं उठाता। शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि भाजपा की बातें “पुरानी बोतल में नई शराब” जैसी हैं और अब जनता इन बातों को समझ चुकी है।
उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने जिस तरह उच्चतम न्यायालय में अपना पक्ष रखा, उसे लोगों ने देखा। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने एक गार्जियन, बहन और बेटी की तरह लोगों के लिए लड़ाई लड़ी, जो सराहनीय है।
सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने आरोप लगाया कि अब भी लाखों लोगों के वोट कटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास धनशक्ति और प्रचारशक्ति है, लेकिन तृणमूल कांग्रेस और ममता बनर्जी के पास “जनशक्ति” है, और यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

