मोतिहारी में पुलिस और कार सवार बदमाशों में मुठभेड़,एक अपराधी घायल
पूर्वी चंपारण।एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर जिले में रविवार की देर रात चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस और कार सवार बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया।घायल अपराधी का प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।
उक्त घटना मोतिहारी नगर थाना क्षेत्र के चांदमारी चौक की बतायी गई है,जहां वाहन जांच अभियान चला रही पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन कार सवार बदमाशों ने वाहन रोकने की बजाय जांच में जुटी पुलिस जवानो पर ही गाड़ी चढ़ाने की कोशिश करते हुए तेज रफ्तार में भागने लगे।
लिहाजा संदेह के आधार पर पुलिस की टीम उनका पीछा करते हुए छतौनी चौक के समीप पहुंच गई।इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस पर पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई। इसी दौरान एक बदमाश को गोली लग गई।जिसकी पहचान हाजीपुर निवासी सन्नी कुमार के रूप में हुई है।
मुठभेड़ के बाद कार सवार अन्य बदमाश पुलिस की घेराबंदी तोड़ते हुए फरार हो गए। भागने के दौरान उन्होंने बैरकेटिंग और पुलिस वाहन को भी टक्कर मार दी। इस दौरान उनकी कार की चपेट में आने से एक कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई।हालांकि इन बदमाशों का पीछा करते हुए पुलिस उनकी कार को कोटवा इलाके से लावारिस हालत में बरामद कर लिया है।
वाहन पर करीब आधा दर्जन गोलियों के निशान पाए गए हैं।पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि कार को जब्त कर लिया गया है और उसके रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर बदमाशों का पहचान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी आरोपितों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घायल बदमाश के सीने में फंसी गोली निकालने की तैयारी की जा रही है।

