वीरगंज में भारी मात्रा में बम बरामद,तीन गिरफ्तार
रक्सौल/वीरगंज। भारतीय सीमा से सटे नेपाल के पर्सा जिले के वीरगंज में संसदीय चुनाव के दौरान नेपाली सेना की टीम ने तेज धमाका करने वाले सूतली बम समेत कई संदिग्ध सामग्री बरामद करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
नेपाली सेना के अनुसार संसदीय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए वीरगंज और आसपास के क्षेत्रों में लगातार सघन तलाशी अभियान चलाया गया।इस दौरान बुधवार की देर रात करीब दो बजे नेपाली सेना की श्रीजंग गण वीरगंज टीम ने वीरगंज महानगरपालिका के वार्ड संख्या-16 स्थित इनर्वा इलाके में विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया।सर्च अभियान के दौरान सेना ने तीन संदिग्ध लोगों को मौके से हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वीरगंज वार्ड नंबर 16 निवासी कृष्णा यादव, रोहित पटेल और अवजीत यादव के रूप में हुई है।
सेना के उप फाइटर विकास मरहट्ठा ने बताया कि तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 9 नग सूती बम, दो मोबाइल फोन, एक पावर बैंक, चार्जर, पांच सफेद तार तथा पांच सूअर के सिर बरामद किए गए हैं। इतनी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जांच में सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इन सामग्रियों का इस्तेमाल धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने और चुनाव के दौरान अराजक माहौल पैदा करने के उद्देश्य से किया जा सकता था। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर अन्य संभावित संलिप्त लोगों की तलाश की जा रही है।

